गायत्री शक्तिपीठ में हवन यज्ञ और गुरु पूजन का आयोजन, 2000 लोगों ने दी आहुति
- Post By Admin on Jul 21 2024

मुजफ्फरपुर : रविवार को गायत्री शक्तिपीठ, अखाड़ा घाट, नाजीरपुर में प्रातः 7:00 बजे से हवन यज्ञ एवं विभिन्न संस्कारों का आयोजन किया गया। हवन यज्ञ एवं संस्कार का संचालन श्री धीरेंद्र नाथ पटेल एवं रामयाद त्रिवेदी ने किया। यज्ञ के महत्व को समझाते हुए, 2000 लोगों ने यज्ञ में अपनी आहुति प्रदान की और 30 लोगों के विभिन्न संस्कार संपन्न कराए गए।
प्रातः 10:00 बजे से गुरु पूजन का पर्व बड़े धूमधाम से मनाया गया, जिसमें मुख्य यजमान शशि भूषण ठाकुर थे। चरण पादुका पूजन का स्तवन मेघा कुमारी द्वारा संपन्न कराया गया। शशि भूषण ठाकुर ने गुरु-शिष्य के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि बिना गुरु के किसी भी व्यक्ति को वह सफलता नहीं मिल सकती है जो गुरु के मार्गदर्शन में प्राप्त होती है। अतः हर व्यक्ति के जीवन में एक गुरु का होना आवश्यक है।
महिला जिला संयोजक सोनी तिवारी ने आगामी नवंबर में आयोजित होने वाले 24 कुंडलीय यज्ञ के बारे में विधिवत जानकारी दी। धन्यवाद ज्ञापन ललितेश्वर प्रसाद सिंह ने किया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से उमेश प्रसाद सिंह, जिला संयोजक ओमप्रकाश गुप्ता, लाल साहब मिश्र, दुर्गा शरण शर्मा, सुरेंद्र पांडे, धर्मेंद्र कुमार, उषा कुमारी, महेंद्र ठाकुर और बबलू तिवारी ने विशेष योगदान दिया।