लखीसराय : डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, बिहरौरा, लखीसराय में बुधवार को एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माउंट एवरेस्ट को दो बार सफलतापूर्वक फतह करने वाली विश्व की पहली महिला पर्वतारोही, पद्मश्री संतोष यादव जी द्वारा विद्यालय की छात्राओं के लिए विशेष मोटिवेशनल क्लास आयोजित की गई।

अपने संबोधन में संतोष यादव जी ने जीवन के संघर्ष, अनुभवों और उपलब्धियों को साझा करते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास, अनुशासन और कठिन परिश्रम का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। साथ ही छात्राओं से बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया।

मोटिवेशनल सत्र के दौरान उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली पर भी विशेष जोर दिया। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग, प्राणायाम, पर्याप्त नींद एवं स्वच्छ दिनचर्या अपनाने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम के उपरांत पद्मश्री संतोष यादव जी ने समाहरणालय, लखीसराय का भ्रमण किया, जहाँ जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र जी ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिवादन किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा उन्हें पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया।

जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र जी ने संतोष यादव जी के अद्वितीय साहस, दृढ़ संकल्प एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं एवं विशेषकर छात्राओं के लिए एक आदर्श और प्रेरणा का स्रोत है।