डीएवी पब्लिक स्कूल में पृथ्वी दिवस और अलंकरण समारोह का आयोजन
- Post By Admin on Apr 24 2025

लखीसराय : स्थानीय डीएवी पब्लिक स्कूल में गुरुवार को पृथ्वी दिवस और अलंकरण समारोह का आयोजन बड़े धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीडीसी सुमित कुमार रहे, जिनके सारगर्भित संबोधन ने बच्चों को विशेष रूप से प्रेरित किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ. निरंजन कुमार ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रार्थना सभा और दीप प्रज्वलन से हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया और उन्होंने प्राचार्य के साथ मिलकर सामूहिक रूप से दीप जलाकर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। प्राचार्य ने मुख्य अतिथि को बुके, पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र और बैच प्रदान कर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत और नृत्य प्रस्तुत किया, जिसमें आराध्या राय, अनु कुमारी, दीक्षा, अनुराधा, आकांक्षा, कावेरी, निदा, माही, शीतल और सौम्या ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 2000 बच्चे उपस्थित थे।
प्राचार्य ने बच्चों और शिक्षकों को पृथ्वी को सुरक्षित और संरक्षित रखने की शपथ दिलाई। इसके बाद, कला शिक्षक शंभू साहनी द्वारा बनाए गए पृथ्वी सुरक्षा से संबंधित चित्र पर विद्यालय के अतिथियों और शिक्षकों ने हस्ताक्षर कर पृथ्वी को बचाने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि डीडीसी सुमित कुमार ने अपने संबोधन में कहा, "धरती लगातार गर्म हो रही है, और इसका मुख्य कारण पर्यावरण प्रदूषण और संरक्षण की कमी है। हमें अपनी पृथ्वी को सुरक्षित रखने के लिए कठोर कदम उठाने की आवश्यकता है।"
अलंकरण समारोह में नव निर्वाचित छात्र समिति और चारों हाउस के प्रतिनिधियों को बैच से अलंकृत किया गया। प्राचार्य ने सभी नवगठित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ दी।
कार्यक्रम में एन.आर. नायक, धर्मेंद्र सिंह, एसएन तिवारी, सुनील कुमार, नवेन्दु शेखर, नमिता आनंद, विनय ओझा, दीपक वर्मा और विमलेश पाण्डेय की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।