विश्वविद्यालय प्रबंधन सूचना प्रणाली के समन्वयक-सह-प्रभारी बनाए गए डॉ. सर्वेश दुबे
- Post By Admin on Jul 30 2026
मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू), मुजफ्फरपुर ने विश्वविद्यालय प्रबंधन सूचना प्रणाली (यूएमआईएस) को लेकर महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र राय के आदेश पर विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सर्वेश दुबे को यूएमआईएस का समन्वयक-सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, डॉ. सर्वेश दुबे को तत्काल प्रभाव से यह अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। वे अपने शैक्षणिक कार्यों के साथ-साथ यूएमआईएस से संबंधित प्रशासनिक और तकनीकी कार्यों का संचालन करेंगे। यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। कार्यालय आदेश में कहा गया है कि वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कुलपति ने समुचित विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया है। आदेश विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय से जारी किया गया है।
इस संबंध में जारी ज्ञापन की प्रतिलिपि संबंधित पदाधिकारी, सभी विभागाध्यक्षों, अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्यों, विश्वविद्यालय के अधिकारियों, अनुभाग पदाधिकारियों तथा सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ को भेजी गई है। साथ ही आईटी सेल को आदेश विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्देश भी दिया गया है।