बिहार में 2 अगस्त तक भारी बारिश, कई जिलों में येलो अलर्ट हुआ जारी
- Post By Admin on Jul 30 2026
पटना: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों में 2 अगस्त तक मध्यम से भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, 31 जुलाई से 2 अगस्त तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इसे देखते हुए कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 31 जुलाई के लिए पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई और कैमूर जिले येलो अलर्ट के दायरे में हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि 1 अगस्त को भी बिहार के अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, सक्रिय मानसून के कारण अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी संभावना है।