दरभंगा में 'हर घर तिरंगा' कार्यशाला, पीआईबी ने मीडिया संग किया संवाद
- Post By Admin on Jul 30 2026
दरभंगा: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की मीडिया इकाई पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), पटना की ओर से गुरुवार को दरभंगा समाहरणालय परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर परिसर में "हर घर तिरंगा" विषय पर एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला "वार्ता" का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन जिलाधिकारी कौशल कुमार, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कमांडेंट राजेंद्र कुमार, साहित्यकार डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक, पीआईबी पटना के उप निदेशक लौकिक पारख एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) के कलाकारों द्वारा स्वागत गीत एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से हुई। "वतन के तिरंगे को झुकने ना देना" सहित कई प्रस्तुतियों ने उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। पीआईबी पटना के उप निदेशक लौकिक पारख ने "हर घर तिरंगा" अभियान की अवधारणा और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने मीडिया से अभियान के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि "हर घर तिरंगा" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और जनभागीदारी का महापर्व है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक से अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील करते हुए मीडिया प्रतिनिधियों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सकारात्मक सहयोग देने का आग्रह किया।
एसएसबी के कमांडेंट राजेंद्र कुमार ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि एसएसबी द्वारा 9 से 17 अगस्त तक सभी सीमा चौकियों पर "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत तिरंगा वितरण, जागरूकता कार्यक्रम और देशभक्ति आधारित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, तथ्यपरक और राष्ट्रहित में पत्रकारिता करने की अपील की। साहित्यकार डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक ने कहा कि "हर घर तिरंगा" सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का अभियान है तथा इसे जन-आंदोलन बनाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि मिथिला क्षेत्र से इस अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।
तकनीकी सत्र में पीआईबी पटना के मीडिया एग्जीक्यूटिव संदीप कपूर ने पीआईबी की कार्यप्रणाली, मीडिया सेवाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और फैक्ट चेक तंत्र की जानकारी दी। कार्यशाला में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें पत्रकारों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो, दरभंगा के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी भानु कुमार झा ने किया। इस अवसर पर पीआईबी पटना के सूचना सहायक उत्पल कांत, ज्ञान प्रकाश सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।