बीआरएबीयू के कुलपति पर मनमानी का आरोप, शिक्षकों के भत्ते को लेकर राज्यपाल से शिकायत

  • Post By Admin on Jul 23 2026
बीआरएबीयू के कुलपति पर मनमानी का आरोप, शिक्षकों के भत्ते को लेकर राज्यपाल से शिकायत

मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में मूल्यांकन कार्य से जुड़े शिक्षकों को यात्रा एवं ठहराव भत्ता नहीं दिए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बिहार विधान परिषद सदस्य एवं बिहार राज्य विश्वविद्यालय शिक्षक महासंघ (फुटाब) के महासचिव प्रो. संजय कुमार सिंह ने इस संबंध में राज्यपाल सह कुलाधिपति को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति पर मनमाने ढंग से निर्णय लेने का आरोप लगाया है।

राज्यपाल को भेजे गए पत्र में प्रो. सिंह ने कहा है कि विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों को यात्रा भत्ता और ठहराव भत्ता नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने इसे शिक्षकों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि इस फैसले से शिक्षकों में व्यापक असंतोष है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि परीक्षा मद में पर्याप्त राशि उपलब्ध होने के बावजूद भत्तों का भुगतान नहीं किया जा रहा है। साथ ही आरोप लगाया गया है कि परीक्षा शुल्क से प्राप्त राशि का बड़ा हिस्सा विभिन्न निजी कंपनियों को भुगतान किया जा रहा है, जबकि मूल्यांकन कार्य में लगे शिक्षकों के वैध भुगतान की अनदेखी की जा रही है।

प्रो. संजय कुमार सिंह ने कहा कि मूल्यांकन कार्य में बड़ी संख्या में शिक्षक दूर-दराज़ जिलों से मुजफ्फरपुर पहुंचते हैं, ऐसे में यात्रा और ठहराव भत्ता नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कुलाधिपति से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर शिक्षकों को नियमानुसार यात्रा एवं ठहराव भत्ता उपलब्ध कराने तथा विश्वविद्यालय प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है। इस मुद्दे को लेकर विश्वविद्यालय शिक्षकों के बीच नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब सभी की नजर कुलाधिपति और विश्वविद्यालय प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।