एलएस कॉलेज में प्रो. कनुप्रिया के नेतृत्व का एक वर्ष, संस्थागत विकास और अनुशासन को मिली गति
- Post By Admin on Jul 23 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया के कार्यकाल का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा होने पर महाविद्यालय परिसर में एक संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, गैर-शैक्षणिक कर्मियों एवं विद्यार्थियों ने उनके प्रशासनिक नेतृत्व, शैक्षणिक दृष्टिकोण और संस्थागत विकास के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने एक वर्ष के कार्यकाल पर विचार व्यक्त करते हुए प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि लंगट सिंह महाविद्यालय केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की बौद्धिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बीते एक वर्ष में महाविद्यालय में अनुशासित कार्यसंस्कृति और बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने का जो प्रयास किया गया, वह शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की ऐतिहासिक प्रतिष्ठा को बनाए रखते हुए उसे आधुनिक शैक्षणिक मानकों के अनुरूप विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों और अनुशासित वातावरण के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी दौर की चुनौतियों के लिए तैयार करना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है।
इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष प्रो. टीके डे ने कहा कि पिछले एक वर्ष में महाविद्यालय के बुनियादी ढांचे, प्रशासनिक पारदर्शिता, नियमित कक्षाओं के संचालन और अनुशासित शैक्षणिक माहौल में उल्लेखनीय सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।
इस अवसर पर प्रो. एस.आर. चतुर्वेदी, डॉ. ऋतुराज कुमार, डॉ. राजेश अनुपम, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. संध्या कुमारी, डॉ. आनंद कुमार सिंह, संजीव कुमार, रोहन कुमार सहित कई शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने प्राचार्य प्रो. कनुप्रिया को उनके सफल एक वर्ष के कार्यकाल के लिए बधाई दी और उनके नेतृत्व में महाविद्यालय की निरंतर प्रगति की कामना की।