आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में 2 मई से एडमिशन शुरू, संगीत-नृत्य की निःशुल्क शिक्षा का मौका

  • Post By Admin on Apr 27 2026
आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में 2 मई से एडमिशन शुरू, संगीत-नृत्य की निःशुल्क शिक्षा का मौका

लखीसराय : जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, लखीसराय के तत्वावधान में संचालित आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में सत्र 2026–27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 02 मई 2026 से शुरू की जाएगी। इस सत्र में एक वर्षीय डिप्लोमा प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय कलाओं में व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जाएगा।

केंद्र में हिन्दुस्तानी शास्त्रीय गायन (ख़याल), कथक नृत्य और तबला वादन की विधाओं में प्रशिक्षण उपलब्ध रहेगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक संचालित होगा, जबकि प्रत्येक सोमवार को केंद्र बंद रहेगा। खास बात यह है कि यह पूरा प्रशिक्षण और नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है।

प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष निर्धारित की गई है और सभी वर्गों के इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। नामांकन के लिए अभ्यर्थियों को पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की प्रति और सामान्य विवरण के साथ आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, जमुई रोड (कृष्णा सेवा सदन अस्पताल के सामने) पर उपस्थित होना होगा।

ज़िला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन ने बताया कि सीमित सीटों के आधार पर नामांकन लिया जाएगा, इसलिए इच्छुक अभ्यर्थी समय पर आवेदन करें। उन्होंने कहा कि यह पहल जिले में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और भारतीय शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी ज़िला कला एवं संस्कृति कार्यालय सह आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।