फेफड़ों की हर सांस अनमोल : एलएनटी कॉलेज में तंबाकू के खिलाफ स्वास्थ्य चेतना अभियान

  • Post By Admin on Aug 01 2026
फेफड़ों की हर सांस अनमोल : एलएनटी कॉलेज में तंबाकू के खिलाफ स्वास्थ्य चेतना अभियान

मुजफ्फरपुर : बढ़ते तंबाकू सेवन और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एल.एन.टी. कॉलेज, मुजफ्फरपुर के प्राणीशास्त्र विभाग द्वारा विश्व फेफड़ा कैंसर दिवस के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने फेफड़ों के कैंसर की रोकथाम, समय पर पहचान और स्वस्थ जीवनशैली की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने उद्घाटन संबोधन में कहा कि फेफड़ों का कैंसर आज एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बनता जा रहा है, लेकिन जागरूकता और सही जीवनशैली अपनाकर इसके खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से तंबाकू और नशे से दूर रहने तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, मुजफ्फरपुर के सहायक प्राध्यापक डॉ. निशांत कुमार ने कहा कि तंबाकू फेफड़ों के कैंसर का सबसे बड़ा और रोके जा सकने वाला कारण है। उन्होंने बताया कि बीड़ी, सिगरेट और हुक्का ही नहीं, बल्कि निष्क्रिय धूम्रपान भी कैंसर के जोखिम को बढ़ाता है। खैनी, गुटखा और जर्दा जैसे धूम्ररहित तंबाकू उत्पाद भी स्वास्थ्य के लिए उतने ही खतरनाक हैं। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच और तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।

विभागाध्यक्ष डॉ. विपिन कुमार ने विश्व फेफड़ा कैंसर दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस दिवस का उद्देश्य लोगों को बीमारी के कारणों, लक्षणों, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि धूम्रपान के अलावा वायु प्रदूषण, पैसिव स्मोकिंग, एस्बेस्टस और अन्य हानिकारक रसायनों के संपर्क में आने से भी फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ जाता है।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में सेमेस्टर-5 की छात्रा जस्मीन परवीन को ‘बेस्ट पोस्टर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को फेफड़ों के कैंसर की रोकथाम और तंबाकू नियंत्रण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। कार्यक्रम में डॉ. के. मिश्रा, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. योगेश कुमार सहित विभाग के अन्य शिक्षक तथा लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। अंत में डॉ. जितेंद्र कुमार मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।