लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए मद्यनिषेध विभाग ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर शराब तस्करों और पियक्कड़ों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। विभाग द्वारा 7 और 8 नवंबर को विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए इस सघन अभियान के दौरान भारी मात्रा में विदेशी शराब, बीयर, अवैध चुलाई शराब और जावा महुआ घोल बरामद कर कई आरोपियों को दबोचा गया।
अभियान के तहत 8 नवंबर को लखीसराय थाना अंतर्गत बायपास पुल के समीप से लावारिस हालत में 73.400 लीटर विदेशी शराब एवं बीयर की खेप जब्त की गई। वहीं, बड़हिया स्टेशन पर की गई घेराबंदी में दो तस्करों को पकड़ा गया, जिनमें कवैया थाना क्षेत्र के नया बाजार दुर्गा स्थान निवासी विशाल कुमार उर्फ राहुल कुमार उर्फ रामु कुमार के पास से 11.250 लीटर और हलसी थाना क्षेत्र के शिलवे निवासी बिक्रम कुमार के पास से 18.000 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
इससे पूर्व 7 नवंबर को जिले के ग्रामीण व दियारा इलाकों में बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई। कजरा थाना क्षेत्र के कजरा सोलर प्लांट के पास से पीरीबाजार निवासी उपेन्द्र कोड़ा को 45 लीटर अवैध चुलाई शराब के साथ पकड़ा गया। किऊल थाना क्षेत्र के रामसीर बीचली घाट से बन्नुबगीचा निवासी पचिया देवी को 30 लीटर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। हलसी थाना क्षेत्र के प्रतापुर में दबिश देकर वीरेन्द्र चौधरी के पास से 10 लीटर शराब और 80 किलोग्राम जावा महुआ घोल नष्ट व बरामद किया गया। इसी क्रम में कनेसी गांव से राम बालक सिंह और उपेन्द्र मांझी को एक-एक लीटर चुलाई शराब बेचते हुए पकड़ा गया। इसके अलावा बड़हिया में उत्पाद थाने के समीप से बेगूसराय जिले के तेघड़ा निवासी अशोक चौधरी को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया। मद्यनिषेध विभाग पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई पूरी कर आगे की प्रक्रिया में जुट गया है।
















