तमिलनाडु में सरकार गठन की तस्वीर साफ, थलापति विजय को 120 विधायकों का समर्थन

  • Post By Admin on May 09 2026
तमिलनाडु में सरकार गठन की तस्वीर साफ, थलापति विजय को 120 विधायकों का समर्थन

चेन्नई : तमिलनाडु विधानसभा चुनाव परिणाम आने के पांच दिन बाद राज्य में सरकार गठन की स्थिति अब लगभग स्पष्ट हो गई है। अभिनेता से नेता बने थलापति विजय को सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत मिल गया है। विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद उनके समर्थन में विधायकों की संख्या 120 पहुंच गई है।

234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन आवश्यक है। चुनाव में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि विजय ने दो सीटों से चुनाव लड़ा था, ऐसे में एक सीट छोड़ने के बाद पार्टी के पास 107 विधायक रह जाएंगे। इसके अलावा कांग्रेस के 5, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई-एम) के 2-2 विधायकों का समर्थन पहले से विजय को प्राप्त था। अब वीसीके और आईयूएमएल के 2-2 विधायकों के समर्थन के बाद विजय का आंकड़ा 120 तक पहुंच गया है।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने अपने पांच विधायकों को दल-बदल की आशंका के चलते हैदराबाद भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मेलूर विधायक पी. विश्वनाथन इन विधायकों का नेतृत्व कर रहे हैं और उन्हें विजय सरकार में मंत्री बनाए जाने की चर्चा भी तेज है। वहीं वीसीके और आईयूएमएल ने बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की है। दोनों दलों द्वारा राज्यपाल को सौंपे गए समर्थन पत्र की तस्वीरें भी सामने आई हैं।

सरकार गठन को लेकर थलापति विजय ने पिछले तीन दिनों में तीन बार राज्यपाल से मुलाकात की। 6 मई को उन्होंने पहली बार 113 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा था। अगले दिन राज्यपाल ने उनसे 118 विधायकों का समर्थन जुटाने को कहा। इसके बाद लगातार प्रयासों के जरिए विजय ने आवश्यक समर्थन हासिल कर लिया।

इधर, विजय के मुख्यमंत्री बनने में हो रही देरी से नाराज उनके एक समर्थक द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने की खबर भी सामने आई है। तिरुनेलवेली जिले के चेट्टिकुलम क्षेत्र निवासी इसक्कियप्पन नामक युवक ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली। करीब 30 प्रतिशत तक झुलसे युवक को गंभीर हालत में असारिपल्लम सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं डीएमके-कांग्रेस गठबंधन को कुल 73 सीटें मिली हैं, जबकि एनडीए गठबंधन को 53 सीटों पर सफलता हासिल हुई है।