लखीसराय : बिहार के लखीसराय जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए मद्य निषेध विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में मद्य निषेध थाना लखीसराय द्वारा 10 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न इलाकों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 14.600 लीटर विदेशी शराब एवं बीयर बरामद करते हुए एक शराब तस्कर सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

पहली कार्रवाई तेतरहाट थाना क्षेत्र के महिसोना में की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मद्यनिषेध टीम ने शराब बिक्री के आरोप में एक धंधेबाज को रंगे हाथ धर दबोचा। गिरफ्तार तस्कर की पहचान महिसोना वार्ड संख्या 10 निवासी सुनील राम (पिता- सहदेव राम) के रूप में हुई है। मौके से पुलिस ने 14.600 लीटर विदेशी शराब और बीयर जब्त की है।

इसके अलावा शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाते हुए अलग-अलग स्थानों से तीन पियक्कड़ों को हिरासत में लिया गया। किउल थाना अंतर्गत हादा मोड़ के समीप चलाए गए जांच अभियान के दौरान कजरा थाना क्षेत्र के अरमा निवासी सोनू कुमार, पिता- रविन्द्र विन्द और अरमा वार्ड संख्या 16 निवासी प्रवचन कुमार, पिता- सुबल विन्द को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया। वहीं बड़हिया स्थित उत्पाद थाना के समीप से किउल थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर बसमतिया सहुर निवासी रविन्द्र रजक, पिता- भासो रजक को शराब पीने के आरोप में पकड़ा गया। मद्य निषेध पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।