लखीसराय: जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक गांजा तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आगामी त्योहारों के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस सर्च अभियान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नंदपुर ढाला के समीप स्थित शिव मंदिर के पास अवैध रूप से गांजे व अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री की जा रही है।

सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए सूर्यगढ़ा थाना की पुलिस टीम ने दंडाधिकारी (राजस्व कर्मचारी) की मौजूदगी में चिन्हित स्थल पर सघन छापेमारी की। विधिवत तलाशी के दौरान परिसर से तीन प्लास्टिक पैकेटों में छिपाकर रखा गया कुल 1.40 किलोग्राम (1440 ग्राम) गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही मौके से 11 चिलम और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

मौके से पकड़े गए अभियुक्त की पहचान सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के नंदपुर निवासी स्वर्गीय शंभु सिंह के 30 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी को एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में सूर्यगढ़ा थाने में कांड संख्या 266/26 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे के इस अवैध कारोबार के फॉरवर्ड और बैकवर्ड नेटवर्क को खंगालने में जुटी है, ताकि इसमें संलिप्त अन्य धंधेबाजों पर भी शिकंजा कसा जा सके।

*सांकेतिक तस्वीर*