दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, शकुन ग्रुप के एमडी की मौत

  • Post By Admin on Mar 09 2026
दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, शकुन ग्रुप के एमडी की मौत

अलवर : दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जयपुर के प्रतिष्ठित उद्योगपति और शकुन ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर वल्लभ माहेश्वरी (62) का निधन हो गया। दुर्घटना अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब चार बजे हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वल्लभ माहेश्वरी अपनी बीएमडब्ल्यू कार से जयपुर से गिरिराज जी (मथुरा) के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे के चेनेज 136.8 के पास उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सुरक्षा बैरिकेड्स और सीमेंट के ब्लॉक्स को तोड़ते हुए डिवाइडर में जा घुसी और आगे एक पुलिया की दीवार से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और पुलिस की मदद से कार में फंसे वल्लभ माहेश्वरी और उनके चालक को बाहर निकालकर नजदीकी पिनान अस्पताल ले जाया गया। वहाँ से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अलवर के हरीश अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं इस भीषण दुर्घटना में चालक को चमत्कारिक रूप से कोई गंभीर चोट नहीं आई।

इस दुखद घटना पर अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

जयपुर के व्यापारिक और औद्योगिक जगत में वल्लभ माहेश्वरी के निधन से शोक की लहर है। उनका पार्थिव शरीर एम्बुलेंस के जरिए जयपुर लाया जा रहा है, जहां अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।