नौसेना को मिला नया नेतृत्व, वाइस एडमिरल स्वामीनाथन संभालेंगे कमान

  • Post By Admin on May 09 2026
नौसेना को मिला नया नेतृत्व, वाइस एडमिरल स्वामीनाथन संभालेंगे कमान

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन को भारतीय नौसेना का नया प्रमुख नियुक्त किया है। वह वर्तमान नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी का स्थान लेंगे, जो 31 मई को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं।

वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन वर्तमान में पश्चिमी नौसैनिक कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने 31 जुलाई 2025 को इस महत्वपूर्ण पद का कार्यभार संभाला था। संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्धकला के विशेषज्ञ माने जाने वाले स्वामीनाथन को 1 जुलाई 1987 को भारतीय नौसेना में कमीशन मिला था। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, परम विशिष्ट सेवा मेडल (पीवीएसएम), अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) और विशिष्ट सेवा मेडल (वीएसएम) से सम्मानित वाइस एडमिरल स्वामीनाथन ने अपने लंबे नौसैनिक करियर में कई अहम परिचालन, स्टाफ और प्रशिक्षण संबंधी जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्होंने मिसाइल पोत आईएनएस विद्युत और आईएनएस विनाश, मिसाइल कॉर्वेट आईएनएस कुलिश, गाइडेड मिसाइल विध्वंसक आईएनएस मैसूर और विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य की कमान संभाली है।

रियर एडमिरल बनने के बाद उन्होंने कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसैनिक कमान में चीफ स्टाफ ऑफिसर (प्रशिक्षण) के रूप में सेवाएं दीं और नौसेना के प्रशिक्षण संचालन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा वह भारतीय नौसेना सुरक्षा टीम की स्थापना में भी प्रमुख भूमिका निभा चुके हैं, जो नौसेना के विभिन्न विभागों में परिचालन सुरक्षा की निगरानी करती है। उन्होंने फ्लैग ऑफिसर सी ट्रेनिंग के रूप में नौसेना के वर्क-अप संगठन का नेतृत्व किया और बाद में पश्चिमी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग भी रहे। ‘स्वॉर्ड आर्म’ की कमान संभालने के बाद उन्हें ऑफशोर सुरक्षा एवं रक्षा सलाहकार समूह का प्रमुख नियुक्त किया गया।

वाइस एडमिरल के रूप में पदोन्नति के बाद उन्होंने पश्चिमी नौसैनिक कमान के चीफ ऑफ स्टाफ, कार्मिक सेवा नियंत्रक और नौसेना मुख्यालय में चीफ ऑफ पर्सनल जैसे अहम पदों पर कार्य किया। अपनी वर्तमान नियुक्ति से पहले वह नौसेना मुख्यालय में वाइस चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ के रूप में कार्यरत थे। शैक्षणिक रूप से भी वाइस एडमिरल स्वामीनाथन का रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है। उन्होंने जेएनयू से बीएससी, कोचीन यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी से दूरसंचार में एमएससी, किंग्स कॉलेज लंदन से रक्षा अध्ययन में एमए, मुंबई विश्वविद्यालय से रणनीतिक अध्ययन में एमफिल तथा अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है।