बिहार ब्यूरोक्रेसी में बड़ा बदलाव: IAS दीपक कुमार सिंह की राजभवन से विदाई, मिली नई जिम्मेदारी
- Post By Admin on Nov 04 2026
पटना : बिहार सरकार ने प्रशासनिक महकमे में एक बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वरिष्ठ अधिकारी दीपक कुमार सिंह को नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 1992 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक कुमार सिंह को अब बिहार राज्य योजना परिषद, पटना के 'मुख्य परामर्शदाता' के पद पर पदस्थापित किया गया है। इससे पहले वे राज्यपाल सचिवालय, बिहार में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
बिहार सरकार के विशेष सचिव संजय कुमार के हस्ताक्षर से जारी इस अधिसूचना के तहत, दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव पद के अतिरिक्त प्रभार के साथ-साथ सामान्य प्रशासन विभाग के 'महानिदेशक-सह-मुख्य जांच आयुक्त' के अतिरिक्त प्रभार से भी स्थानांतरित कर दिया गया है। हालांकि, सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि श्री सिंह अगले आदेश तक सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार, पटना के 'महानिदेशक-सह-मुख्य जांच आयुक्त' के अतिरिक्त प्रभार में बने रहेंगे।
अधिसूचना के अनुसार, भारतीय प्रशासनिक सेवा (वेतन) नियमावली, 2016 के नियम-12(1) के तहत इस पद को दीपक कुमार सिंह के पदस्थापन काल तक के लिए अपर मुख्य सचिव के समकक्ष घोषित किया गया है। सरकार के आदेशानुसार इस अधिसूचना की प्रतियां वित्तीय कोषांगों, राज्यपाल सचिवालय, मुख्यमंत्री सचिवालय समेत सभी विभागों और संबंधित पदाधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई हैं। राज्य के प्रशासनिक ढांचे में इस फेरबदल को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि योजना परिषद में दीपक कुमार सिंह की नियुक्ति से राज्य की विकास योजनाओं और नीतियों को नया बल मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।