मिथिला सर्किट के प्रस्ताव में दरभंगा की रेल परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा
- Post By Admin on Jul 28 2026
दरभंगा: मिथिला की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। रेलवे के माध्यम से "मिथिला सर्किट" विकसित करने का प्रस्ताव संसदीय स्थायी समिति की बैठक में उठाया गया है। इस पहल के लागू होने पर दरभंगा सहित पूरे मिथिला क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को रेल नेटवर्क से जोड़कर पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद जताई गई है।
नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में रेलवे संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष सीएम रमेश की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में दरभंगा की निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को इन परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान स्थानीय सांसद एवं लोकसभा में भाजपा के सचेतक तथा रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने "मिथिला सर्किट" के गठन का प्रस्ताव प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि रेलवे के माध्यम से मिथिला क्षेत्र के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को एक-दूसरे से जोड़ने से देश-विदेश के पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि मिथिला के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का योजनाबद्ध विकास होने से पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही होटल, परिवहन, हस्तशिल्प, खान-पान, स्थानीय व्यापार और अन्य सेवा क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि "मिथिला सर्किट" न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।
बैठक में दरभंगा की लंबित एवं निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने इन परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने पर बल देते हुए कहा कि बेहतर रेल संपर्क से क्षेत्र के विकास और पर्यटन दोनों को गति मिलेगी।