विश्व नदी दिवस पर लंगट सिंह कॉलेज में व्याख्यान और पोस्टर प्रतियोगिता

  • Post By Admin on Sep 24 2026
विश्व नदी दिवस पर लंगट सिंह कॉलेज में व्याख्यान और पोस्टर प्रतियोगिता

मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज, मुजफ्फरपुर और 32 बिहार बटालियन एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में विश्व नदी दिवस के अवसर पर व्याख्यान एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नदियों के संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और जैव विविधता की रक्षा को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. शिवा रंजन चतुर्वेदी ने नदियों को जीवन रेखा बताते हुए कहा कि मानव सभ्यता के विकास में नदियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए सामूहिक और समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।कॉलेज के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि नदियों में औद्योगिक कचरा पहुंचने से पानी में ऑक्सीजन की मात्रा कम हो जाती है। इसका प्रतिकूल प्रभाव जलीय जीवों के साथ-साथ संपूर्ण जैव विविधता पर पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेटों को नदियों और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इसके बाद आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कैडेटों ने नदियों और जैव विविधता के संरक्षण से जुड़े अपने विचारों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। पोस्टरों के माध्यम से जल प्रदूषण रोकने और नदी संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर डॉ. संतोष अनल और डॉ. परमेश तिवारी ने भी अपने विचार रखे। धन्यवाद ज्ञापन सीनियर अंडर ऑफिसर आशुतोष राज ने किया। कार्यक्रम में डॉ. बाणेश्वर शर्मा, डॉ. वेद प्रकाश दूबे, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. धीरेंद्र सिंह, अंडर ऑफिसर सृष्टि, सार्जेंट ज्योतिलाल, सार्जेंट शालू सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।