समारोहपूर्वक मना विश्व रेड क्राॅस दिवस

  • Post By Admin on May 08 2024
समारोहपूर्वक मना विश्व रेड क्राॅस दिवस

लखीसराय : बुधवार को विश्व रेड क्रॉस दिवस, रेड क्रॉस सोसाइटी लखीसराय के तत्वावधान में अमरेंद्र कुमार सिंह अध्यक्ष की अध्यक्षता में और चार्टर चेयरमैन डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह की देखरेख में धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि डॉ. मेजर चन्द्रमोहन सिंह जेनरल फिजीशियन की गरिमामयी उपस्थिति में डॉ. पंकज कुमार हड्डी रोग चिकित्सक, वयोवृद्ध रेडक्रास पैट्रन सदस्य श्रीमती शांति सिंह, डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह, अमरेंद्र कुमार सिंह आदि ने सम्मिलित रूप से दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए रेड क्रॉस की स्थापना के बारे में बताया कि सर हेनरी डुनेंट जो एक व्यापारी थे, के सहयोग से युद्ध के दौरान घायल व्यक्तियों की सेवा करने की भावना के कारण रेड क्रॉस का जन्म हुआ और दो-दो बार नोबेल पुरस्कार प्राप्त किया गया। आज रेड क्रॉस सोसाइटी ने पूरे विश्व में मानवता की सेवा एवं मानवता की रक्षा करने का संकल्प लिया है। सीनियर सिटीजन नवल किशोर सिंह आदर्श लक्ष्मीपुर, रामनरेश सिंह कल्याणपुर, यमुना सिंह एवं सेवा निवृत्त भारतीय सांख्यिकी अधिकारी अरुण कुमार सिंह, ग्रामीण बुजुर्ग नागरिक नंदकिशोर सिंह सहित प्रोफेसर मनोरंजन कुमार सचिव, पैट्रन सदस्य एवं प्रबंध समिति सदस्य श्रीमती पुष्पा सिंह, अविनाश कुमार, वित्त सचिव परमानंद सिंह, सेवानिवृत्त कालेज शिक्षक राम नरेश सिंह (रेहुआ), प्रबंध समिति सदस्य अजीत कुमार, वोलेंटियर नीलू, राजनंदन भवन सह रेडक्रास हाल के कार्यालय सचिव संजय बाबा आदि के श्रम और सहयोग से रेड क्रॉस दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया।

कार्यक्रम के बच्चों की भरपूर उपस्थिति ने समारोह में चार चांद लगा दिए। इस दौरान बच्चों को जीवन रक्षक घोल तथा बच्चों के बीच लेमन चूस वितरण किया गया। धन्यवाद ज्ञापन अरविंद कुमार भारती वाइस चेयरमैन के द्वारा किया गया। मौके पर उन्होंने बताया कि किस प्रकार दामोदरपुर में प्रो. राजनंदन सिंह की स्मृति में रेड क्रॉस भवन बनाया गया और सुसज्जित किया गया। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस दिवस पूरे विश्व में मनाया गया। आज पूरे विश्व में शांति स्थापना और मानवता की सेवा के लिए रेड क्रॉस को याद किया जाता है।