बाल विवाह की रोकथाम को लेकर चला जागरूकता अभियान

  • Post By Admin on May 08 2024
बाल विवाह की रोकथाम को लेकर चला जागरूकता अभियान

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय के तत्वावधान में बाल विवाह के रोकथाम को लेकर दास टोला करारी पिपरिया में जागरूकता अभियान चलाया गया। मिशन शक्ति के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बताया कि आगामी 10 मई को अक्षय तृतीया है जिसको लेकर मठ मंदिर में बाल विवाह होने की ज्यादा संभावना बनी रहती है। इसी को लेकर इस प्रकार का जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विदेशी आक्रमणकारी से बेटी को बचाने के लिए पहले बाल विवाह कर दिया जाता था। लेकिन अब कोई उस प्रकार की समस्या नहीं है, इसलिए बाल विवाह एक सामाजिक बुराई है, जिसको रोकने के लिए सभी को आगे आना पड़ेगा। समाज के हर व्यक्ति को अपना दायित्व निभाना होगा। मठ मंदिर में होने वाले विवाह पर भी नजर रखना होगा। बाल विवाह को लेकर यदि कोई जानकारी मिलती है तो इसकी जानकारी अविलंब अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मुखिया या टॉल फ्री नंबर 1098 या 112 पर भी जानकारी दे सकते हैं।

जिला समन्वयक एएनएम मधुमाला कुमारी ने बताया कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है जिसको रोकने के लिए सभी वर्ग के लोगों को विशेषकर महिलाओं को आगे आना होगा। आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में जैसे खेल के क्षेत्र में, विज्ञान के क्षेत्र में, राजनीति के क्षेत्र में, शिक्षा के क्षेत्र में सभी क्षेत्रों में पुरुषों की भांति कदम से कदम मिलाकर राष्ट्र निर्माण में लगी हुई हैं। आज की महिलाएं चांद पर पहुंच गई है, लेकिन दूसरी ओर बाल विवाह भी हो रहा है, इसलिए बाल विवाह को रोकने में हम सभी की भागदारी हो।

केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने बताया कि किशोरी और महिलाओं को सशक्त करने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं चल रही है जिससे महिलाएं-बेटियां आगे बढ़ रही है। बेटी को अब डरने की जरूरत नहीं है। आपके लिए कानून की व्यवस्था भी की गई है जिससे आप मदद लेकर आगे बढ़ सकते हैं। लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार ने बताया कि बाल विवाह को जड़ से उखाड़ फेंकना है जिसको लेकर प्रशासन भी तत्पर है।

मौके पर जिला समन्वयक आरिफ हुसैन, प्रखण्ड समन्वयक राज अंकुश शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता रूपेश कुमार, विकास मित्र नीलम कुमार, हिमांशु, अमन, बालवीर, मनीषा, वर्षा, अंशु, रौशनी, साधना सहित दर्जनों किशोर किशोरी सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।