राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल के निधन से शोक की लहर

  • Post By Admin on Feb 07 2025
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल के निधन से शोक की लहर

पटना : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधान पार्षद और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका निधन सामाजिक, आध्यात्मिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

कामेश्वर चौपाल के पार्थिव शरीर को बिहार विधान सभा परिसर ले जाया गया, जहां राज्य के गणमान्य नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन के बाद बिहार की जनता में भी गहरा दुःख देखा गया। मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में उनके समर्थकों और समाजसेवियों ने उन्हें याद करते हुए शोक व्यक्त किया।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और समाजसेवियों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है। पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, पूर्व मंत्री अजीत कुमार, भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष रंजन कुमार, साहित्यकार डॉ. संजय पंकज और समाजसेवी अविनाश तिरंगा उर्फ ऑक्सीजन बाबा ने उनके निधन को समाज के लिए एक बड़ी क्षति बताया।

समाजसेवी अविनाश तिरंगा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार तथा समर्थकों को संबल प्रदान करें। उन्होंने कहा कि कामेश्वर चौपाल का जीवन समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित रहा है और उनकी सेवाओं को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

उनके निधन से राजनीतिक और धार्मिक संगठनों में गहरी संवेदना व्यक्त की जा रही है। कामेश्वर चौपाल राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख स्तंभों में से एक थे और उनकी भूमिका को सदैव याद किया जाएगा।