गैंगरेप पीड़िता की इलाज के दौरान हुई मौत
- Post By Admin on Feb 07 2025

लखीसराय : जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। सूरजगढ़ा थाना क्षेत्र के नवाबगंज गांव में 23 जनवरी की रात 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ कुछ दबंगों ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं। पहले उन्होंने महिला को बेरहमी से पीटा और फिर उन्हें घर से दूर ले जाकर सामूहिक बलात्कार किया। घटना के बाद से पीड़िता का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना 23 जनवरी की रात की है। जब कुछ दबंग एक बुजुर्ग महिला के पास पहुंचे और सिगरेट की मांग की। जब उन्होंने देने से इनकार किया तो आरोपियों ने पहले उनके साथ मारपीट की और फिर जबरदस्ती उठा ले गए। महिला को घर से दूर ले जाकर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस अमानवीय घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान 7 फरवरी को उनकी मौत हो गई।
पीड़िता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उनका कहना है कि उनकी मां को जिस बर्बरता से प्रताड़ित किया गया। उसके दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। परिजनों ने दोषियों को फांसी देने की मांग की है। ताकि भविष्य में कोई इस तरह का जघन्य अपराध करने की हिम्मत न कर सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्यवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लखीसराय एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें कानून के मुताबिक कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
इस जघन्य घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है। स्थानीय लोग सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर सकते हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि महिलाओं और बुजुर्गों के प्रति बढ़ते अपराधों पर प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।