बिहार दिवस के उपलक्ष्य में विकास मेला आयोजित, जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ
- Post By Admin on Mar 22 2024

लखीसराय : शुक्रवार को बिहार दिवस 2024 के उपलक्ष्य में लखीसराय जिले में जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। आर लाल काॅलेज के मैदान से सुबह में प्रभात फेरी निकालकर कार्यक्रम का आगाज हुआ। जिसके बाद मुख्य समारोह स्थल पहुंचकर प्रभात फेरी संपन्न हुई। मौके पर ताईक्वान्डों की टीम ने प्रदर्शन कर बिहार दिवस के मंच से नारी सशक्तिकरण की मिशाल पेश करते हुए आत्मरक्षा तकनीकि का प्रदर्शन किया।
जिलाधिकारी ने समारोह को संबोधित करते हुए जिलेवासियों को बिहार दिवस की शुभकामना देते हुए कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने हेतु साधुवाद दिया। साथ ही साथ निरन्तर यूं ही तमाम विद्याओं में प्रगति पथ पर सतत आगे बढ़ते रहने की मंगलकामना भी की। जिसके उपरान्त जिलाधिकारी ने आयोजित विकास मेला का फीता काटकर तथा रंग-बिरंगे बैलून उड़ाकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों द्वारा लगाए गए स्टाॅलों का जायजा लिया। इसके पश्चात जिलाधिकारी महोदय ने परिवहन विभाग द्वारा हेलमेट पहनने संबंधी जागरूकता को लेकर लगाए गए सेल्फी स्टैंड में विभाग की ओर से उपहार में दिए गए हेलमेट को पहनकर फोटो सेशन भी कराया। कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग के अलावा अग्निशामक विभाग द्वारा गैस सिलिंडर में आग लगने पर बचाव संबंधी आयोजित कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार के अतिरिक्त उप विकास आयुक्त कुन्दन कुमार सहित अनुमंडलाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और प्रायः सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।