लखीसराय में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने किया स्मार्ट क्लास और नए विद्यालय भवन का उद्घाटन
- Post By Admin on Jul 26 2026
लखीसराय: केंद्रीय पंचायती राज तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शुक्रवार को लखीसराय प्रखंड के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, साबिकपुर में नवनिर्मित विद्यालय भवन, स्मार्ट क्लास एवं पिंक रूम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के उच्च माध्यमिक स्तर तक उत्क्रमित होने और नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बेहतर सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से छात्राओं को अब 12वीं तक की पढ़ाई के लिए दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनकी शिक्षा सुरक्षित और निर्बाध रूप से जारी रह सकेगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में स्थापित स्मार्ट क्लास के माध्यम से छात्र-छात्राओं को आधुनिक डिजिटल तकनीक के साथ अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। इससे उनकी सीखने की क्षमता और तकनीकी समझ में वृद्धि होगी। वहीं, पिंक रूम की सुविधा से छात्राओं को विद्यालय परिसर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि नए विद्यालय भवन, स्मार्ट क्लास और अन्य आधुनिक सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। जिला प्रशासन शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत संरचना के विकास और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मी, जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शाहिद खान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।