बांकीपुर उपचुनाव में PK का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- प्रशासन का हो रहा दुरुपयोग

  • Post By Admin on Jul 26 2026
बांकीपुर उपचुनाव में PK का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- प्रशासन का हो रहा दुरुपयोग

पटना: जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर उपचुनाव के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने रविवार को पटना में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा और राज्य प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर उपचुनाव में प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है तथा जीविका से जुड़ी महिलाओं को चुनाव प्रचार में लगाया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर इस पर रोक नहीं लगाई गई तो जन सुराज के कार्यकर्ता चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर धरना देंगे।

प्रशांत किशोर ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी राजनीतिक दल को अपने नेता, कार्यकर्ता या संसाधन चुनाव प्रचार में लगाने का अधिकार है, लेकिन प्रशासनिक मशीनरी का उपयोग किसी एक दल के पक्ष में नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जन सुराज के कार्यकर्ताओं के ठहरने वाले होटलों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, जबकि भाजपा नेताओं के ठहरने के स्थानों पर ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे साफ प्रतीत होता है कि सरकारी तंत्र का इस्तेमाल विपक्षी दलों पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि जीविका से जुड़ी महिलाओं के माध्यम से घर-घर जाकर महिलाओं को यह संदेश दिया जा रहा है कि यदि वे भाजपा या एनडीए को वोट नहीं देंगी तो उन्हें मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ बंद हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हो रहा है तो यह चुनाव प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को केवल सोशल मीडिया पोस्ट हटाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि स्पष्ट आदेश जारी करना चाहिए कि जीविका से जुड़ी कोई भी महिला, कर्मचारी या अर्द्धसरकारी कर्मी चुनावी गतिविधियों का हिस्सा नहीं बनेगा। उन्होंने बताया कि जन सुराज का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग और चुनाव पर्यवेक्षकों से इस संबंध में मुलाकात कर चुका है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी धरना-प्रदर्शन करेगी। प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर ने छात्र आंदोलन पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति या संगठन सरकार की नीतियों और कथित अलोकतांत्रिक कार्यशैली के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना चाहता है, जन सुराज उसका समर्थन करेगा। उन्होंने कहा कि यदि सीजेपी (CJP) से जुड़े लोग बिहार आकर छात्रों के मुद्दों पर काम करना चाहते हैं तो उनका स्वागत है।

उन्होंने कहा कि हाल के छात्र आंदोलनों ने यह साबित किया है कि जब जनता संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए खड़ी होती है तो बड़ी से बड़ी सरकार को भी फैसले लेने पड़ते हैं। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और लगातार हो रहे पेपर लीक के मुद्दों से युवा परेशान हैं और इन्हीं सवालों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रेस वार्ता में जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, विधानसभा प्रभारी रामबली चंद्रवंशी, पूर्व विधायक किशोर कुमार, सुभाष कुशवाहा, कुमार सौरव, कुमार शांतनु, राकेश पटेल, मसीउद्दीन, संजय ठाकुर सहित कई अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।