लखीसराय : शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन लखीसराय में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गयाI इस अभियान का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी राजेश सिंह ने कियाI जबकि पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर कार्यक्रम का समर्थन कियाI

शाण्डिल्य ने कहा कि नवरात्र का शुभ अवसर माँ दुर्गा के नौ दिनों तक चलने वाले पूजन और आरती का समय होता हैI जो वास्तव में प्रकृति वंदन है। उन्होंने कहा कि पुराणों के अनुसार माँ जगदंबा का अवतार सज्जनों की रक्षा और दुष्टों के विनाश के लिए हुआ था। माँ दुर्गा को महिषासुर मर्दिनी के रूप में जाना जाता है और उनका मूल मंत्र है "ऊँ श्री दुर्गायै नमः।"

आगे उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान माँ के नौ रूपों की आराधना की जाती है और इस दौरान कुमारी कन्या पूजन भारत और नेपाल में विशेष महत्व रखता है। शाण्डिल्य ने इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पौधारोपण अभियान भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अभियान में राजेश सिंह सुखेन्दु बोस, नीरज नयन, बैंककर्मी विनोद साह, डॉक्टर सुनील कुमार, साक्षी कुमारी, विकास, नीरज कुमार, राज, कृष्णा, राजेश, सचिन, अजीत, कृष, साहिल और मोहन कुमार सहित कई अन्य लोगों ने भाग लिया।