लखीसराय में दर्दनाक रेल हादसा, मालगाड़ी की चपेट में आने से महिला की मौत

  • Post By Admin on Jul 16 2026
लखीसराय में दर्दनाक रेल हादसा, मालगाड़ी की चपेट में आने से महिला की मौत

लखीसराय : पूर्व मध्य रेलवे के किऊल पोस्ट क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में 37 वर्षीय महिला की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, लखीसराय स्टेशन मास्टर ने सूचना दी कि मालगाड़ी संख्या ईसी (बिलासपुर) के ट्रेन मैनेजर ने एक महिला के मालगाड़ी की चपेट में आने की सूचना दी थी। इसके बाद आरपीएफ किऊल और जीआरपी लखीसराय की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान किलोमीटर संख्या 421/24-25 के पास महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। मृतका के पास से बरामद आधार कार्ड और मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान कविता कुमारी (37), पिता अर्जुन प्रसाद नोनिया, निवासी छोटी पोखर के पास, थाना चेवाड़ा, जिला शेखपुरा के रूप में की गई। पुलिस को मृतका के पास से कोई रेल यात्रा टिकट नहीं मिला।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि महिला रेलवे लाइन पार करने के दौरान मालगाड़ी की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जीआरपी लखीसराय ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम एवं आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।