पुरी रथ यात्रा में भीड़ बनी जानलेवा, एक श्रद्धालु की मौत, 120 से अधिक बीमार

  • Post By Admin on Jul 16 2026
पुरी रथ यात्रा में भीड़ बनी जानलेवा, एक श्रद्धालु की मौत, 120 से अधिक बीमार

पुरी : ओडिशा के पुरी में आयोजित विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान गुरुवार को भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए। इस दौरान दम घुटने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि सांस लेने में तकलीफ होने पर 120 से अधिक श्रद्धालुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ मीडिया रिपोर्टों में 200 से अधिक लोगों के बेहोश होने का दावा किया गया है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार, भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की वार्षिक रथ यात्रा के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु गुंडिचा मंदिर और ग्रैंड रोड (बड़ा डंडा) पर जुटे थे। इसी दौरान अत्यधिक भीड़ के चलते एक श्रद्धालु बेहोश हो गया। उसे तत्काल पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य प्रभावित श्रद्धालुओं का उपचार आपातकालीन चिकित्सा दल की निगरानी में जारी है।

गौरतलब है कि वर्ष 2025 की रथ यात्रा के दौरान भी गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ मच गई थी, जिसमें तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। उस समय भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में अनुष्ठान सामग्री से भरे दो ट्रकों के प्रवेश को हादसे का प्रमुख कारण माना गया था। रथ यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा लकड़ी के भव्य रथों पर सवार होकर गुंडिचा मंदिर की ओर प्रस्थान करते हैं। इस नौ दिवसीय धार्मिक उत्सव के पहले दिन लाखों श्रद्धालु रथ की रस्सियों को छूने और खींचने के लिए उमड़ पड़ते हैं, जिससे कई बार अव्यवस्था की स्थिति बन जाती है।

यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने 12 हजार पुलिसकर्मियों एवं सशस्त्र बलों की तैनाती, 200 मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति तथा निगरानी के लिए 50 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। फिलहाल प्रशासन भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है।