बाबू जगदेव प्रसाद के संघर्ष की कहानी बड़े पर्दे पर, बिहार-झारखंड के 200 कलाकारों ने निभाई भूमिका
- Post By Admin on May 12 2026
पटना: अमर शहीद बाबू जगदेव प्रसाद के जीवन संघर्ष पर आधारित बहुप्रतीक्षित बायोपिक फिल्म “द इंडियन लेनिन : बाबू जगदेव” आगामी 29 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के निर्माता सुभाष कुमार और सिद्धार्थ कुमार ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि यह फिल्म सामाजिक न्याय और संघर्ष की ऐतिहासिक गाथा को बड़े पर्दे पर जीवंत करेगी।
निर्माताओं के अनुसार बाबू जगदेव प्रसाद ने दलित, पिछड़े, अतिपिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक समाज सहित शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। अपने विचारों और आंदोलनों के कारण वे “इंडियन लेनिन” के नाम से प्रसिद्ध हुए। संघर्ष के दौरान जहानाबाद के कुर्था में वे शहीद हो गए थे। फिल्म के निर्देशक प्रेम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि फिल्म की शूटिंग 2 फरवरी 2023 से बिहार और झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों में की गई। जहानाबाद के कुरहारी, गया के डुमरिया, इमामगंज, बांकेबाजार तथा झारखंड के ग्रामीण इलाकों में फिल्मांकन हुआ। फिल्म में 1932 से 1974 तक के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक परिवेश को विस्तार से दिखाया गया है।
फिल्म में बाबू जगदेव प्रसाद के बचपन, पारिवारिक जीवन और सामाजिक संघर्षों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। कहानी में छुआछूत, अंधविश्वास, ऊंच-नीच, अमीरी-गरीबी और सामाजिक भेदभाव जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है। निर्देशक का कहना है कि यह फिल्म सिर्फ एक व्यक्ति की जीवनी नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की लड़ाई की कहानी है। फिल्म की एक खास बात यह भी है कि इसमें बिहार और झारखंड के करीब 200 स्थानीय कलाकारों ने अभिनय किया है। दमदार संवाद, प्रभावशाली एक्शन और वास्तविक घटनाओं पर आधारित दृश्य दर्शकों को उस दौर की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों से रूबरू कराएंगे।
फिल्म में अभिनेता संजय कुमार ने डीएसपी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। निर्माताओं का दावा है कि “द इंडियन लेनिन : बाबू जगदेव” बिहार की सामाजिक और राजनीतिक चेतना को बड़े पर्दे पर नई पहचान देने का काम करेगी।