मीनापुर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी और दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन

  • Post By Admin on May 11 2026
मीनापुर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी और दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन

मुजफ्फरपुर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर मीनापुर प्रखंड के मझौलिया पंचायत अंतर्गत बिशुनपुर एवं महादेईया गांव में जागरूकता कार्यक्रम, विज्ञान प्रदर्शनी, दौड़ प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ‘युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार’ के अंतर्गत मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर के सहयोग से विशुनपुर युवा मंडल द्वारा आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक संतोष कुमार ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और युवाओं को विज्ञान, तकनीक, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। मध्य विद्यालय, बिशुनपुर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक राकेश कुमार ने की। कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता शपथ के साथ हुई, जिसके बाद विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं तकनीक से जुड़े आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

दौड़ प्रतियोगिता में श्रेया कुमारी ने प्रथम, कोमल कुमारी ने द्वितीय और रौशनी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में शिवम कुमार प्रथम और आदर्श कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों को प्रधानाध्यापिका पूनम कुमारी ने मेडल, डायरी और कलम देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। मुख्य अतिथि पूनम कुमारी ने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं विशुनपुर युवा मंडल की ओर से रविकांत कुमार एवं नीरज कुमार ने मुख्य अतिथि को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। दूसरी ओर महादेईया गांव स्थित प्रोजेक्ट राम जानकी बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानाध्यापक साबिह अहमद ने फीता काटकर किया। यहां आयोजित दौड़ प्रतियोगिता एवं विज्ञान प्रदर्शनी में 200 से अधिक युवाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में विज्ञान प्रदर्शनी के महत्व, आधुनिक तकनीक की उपयोगिता और युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विशुनपुर युवा मंडल के अध्यक्ष विवेक कुमार, कोषाध्यक्ष मनीष कुमार, अमरजीत कुमार, रविकांत कुमार, शिक्षक नीरज कुमार, बंधना कुमारी, सरिता कुमारी सहित कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता, विज्ञान और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ किया गया।