जनता ने रखी विकास की आवाज, सूर्यगढ़ा लोक–संसद में शिक्षा सबसे बड़ा मुद्दा
- Post By Admin on Feb 12 2026
लखीसराय : जनहित से जुड़े मुद्दों पर संवाद को मजबूती देने के उद्देश्य से सूर्यगढ़ा में ‘लोक–संसद’ का आयोजन किया गया। शिव दुर्गा महावीर मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन यूनाइटेड मीडिया फोरम, सूर्यगढ़ा द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जनता महाविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर देवेन्द्र सिंह ने की। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक चले इस लोक–संसद में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर चर्चा की गई।
आयोजकों ने बताया कि लोक–संसद का मुख्य उद्देश्य समाज से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर स्वस्थ एवं सकारात्मक संवाद स्थापित करना तथा आम जनता को अपनी बात रखने का सशक्त मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने क्षेत्र की समस्याओं, संभावनाओं और विकास से जुड़े सुझावों को खुलकर रखा।
लोक–संसद में सूर्यगढ़ा में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग सबसे प्रमुख मुद्दे के रूप में उभरी। वक्ताओं ने कहा कि उच्च शिक्षा के अभाव में क्षेत्र के छात्र–छात्राओं को बाहर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सभी ने एक स्वर में सरकार एवं जनप्रतिनिधियों से शीघ्र ठोस पहल करने की मांग की।
कार्यक्रम में राज्य किसान आयोग के सदस्य सह पूर्व प्रखंड प्रमुख प्रवीण कुमार, चैंबर ऑफ कॉमर्स सूर्यगढ़ा इकाई के अध्यक्ष, वाणिज्य संघ सूर्यगढ़ा के अध्यक्ष प्रवीण राठौर, संकल्प सेवा संगठन के अध्यक्ष कृष्ण कुमार उर्फ पप्पू केडिया, क्रिएटिव माइंड्स के निदेशक अभिषेक अग्रवाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, पत्रकार, खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि और बुद्धिजीवी वर्ग के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
लोक–संसद के माध्यम से आम जनता ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए, जिससे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास से जुड़े मुद्दों पर सार्थक और रचनात्मक संवाद संभव हो सका। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की जा सके।