बड़हिया में जल जमाव से मिलेगी राहत, डीएम ने किया नगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण

  • Post By Admin on Feb 12 2026
बड़हिया में जल जमाव से मिलेगी राहत, डीएम ने किया नगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण

लखीसराय : बड़हिया नगर क्षेत्र में लंबे समय से बनी जल जमाव की गंभीर समस्या के समाधान को लेकर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने गुरुवार को नगर परिषद क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बुडको एजेंसी के अभियंताओं एवं संवेदकों के साथ जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए इसे शीघ्र दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने बाहा पुल, जगदंबा स्थान के समीप, बीएनएम कॉलेज गंगा घाट, इंदुपुर घाट तथा चुहरचक पुल के पास जल जमाव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर क्षेत्र से निकलने वाले सभी प्रकार के जल की समुचित निकासी गंगातीरी क्षेत्र की ओर सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में जल जमाव की समस्या से स्थायी निजात मिल सके। साथ ही कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने बड़हिया प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रस्तावित नए प्रखंड सह अंचल भवन के निर्माण के लिए तैयार नक्शे का अवलोकन किया और आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने रेफरल अस्पताल, बड़हिया का भी निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली तथा सुधारात्मक निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंतिम चरण में जिलाधिकारी प्राथमिक विद्यालय, अनुसूचित जाति टोला, इंदुपुर पहुंचे। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई एवं आकर्षक वाल पेंटिंग देखकर उन्होंने संतोष जताया और विद्यालय प्रबंधन की सराहना की।

इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी बड़हिया रवि कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रतीक कुमार, अंचल अधिकारी राकेश आनंद, बुडको के संवेदक रिशु बजाज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।