नीलाम पत्रवाद के लंबित मामलों पर प्रशासन सख्त, सप्ताह में दो बार कोर्ट लगाने के निर्देश

  • Post By Admin on Feb 12 2026
नीलाम पत्रवाद के लंबित मामलों पर प्रशासन सख्त, सप्ताह में दो बार कोर्ट लगाने के निर्देश

लखीसराय : जिले में नीलाम पत्रवाद (नीलाम पत्र) से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों के साथ लंबित मामलों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान अपर समाहर्ता ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सप्ताह में कम-से-कम दो बार नियमित रूप से नीलाम पत्र कोर्ट का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि वर्षों से लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। उन्होंने विशेष रूप से पुराने और अधिक राशि से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

अपर समाहर्ता ने कहा कि नीलाम पत्रवाद से संबंधित मामलों का समयबद्ध निष्पादन राजस्व प्रशासन की कार्यप्रणाली का अहम हिस्सा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्राधिकार में लंबित मामलों का अद्यतन विवरण रखें और निर्धारित तिथियों पर कोर्ट का संचालन सुनिश्चित करें।

बैठक में नीलाम पत्र पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, श्री आशुतोष कुमार, श्री शशि कुमार, सुश्री प्राची कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी और उनके पेशकार उपस्थित रहे। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से राजस्व वसूली प्रक्रिया में तेजी आएगी और आम लोगों को भी लंबित मामलों से राहत मिलेगी।