राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर मेधाओं का प्रदर्शन, डीएम ने किया प्रतिभागियों को सम्मानित

  • Post By Admin on Feb 11 2026
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर मेधाओं का प्रदर्शन, डीएम ने किया प्रतिभागियों को सम्मानित

लखीसराय : एससीईआरटी पटना के तत्वावधान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर गांधी मैदान, लखीसराय स्थित खेल भवन में निबंध, लिखित क्विज एवं वक्तृत्व कला की जिलास्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम द्वारा संयुक्त रूप से प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को पूरी लगन से पढ़ाई करने और जीवन में हर प्रकार की प्रतियोगिता में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया तथा सभी सफल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

सर्व शिक्षा अभियान के एआरपी आलोक रंजन एवं नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा की देखरेख में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में “हरित ऊर्जा – धरती की सांस” विषय पर रामनारायण प्लस टू उच्च विद्यालय शिवसोना की कोमल कुमारी ने प्रथम, मेघराय मिश्री प्रसाद प्लस टू उच्च विद्यालय वलीपुर के मानस कुमार ने द्वितीय तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय बिलौरी के अमित राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं “प्लास्टिक के प्राकृतिक एवं जैव विकल्प” विषय पर आयोजित लिखित क्विज प्रतियोगिता में श्रीगोविन्द प्लस टू उच्च विद्यालय मानो की खुशी कुमारी प्रथम, उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहनपुर की चांदनी कुमारी द्वितीय तथा राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय मननपुर के गौरव कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

“मानव जीवन शैली पर उभरती प्रौद्योगिकी का प्रभाव” विषय पर आयोजित वक्तृत्व कला प्रतियोगिता में उच्च माध्यमिक विद्यालय मोरमा की सीता कुमारी ने प्रथम, मेघराय मिश्री प्रसाद प्लस टू उच्च विद्यालय वलीपुर के मिथुन कुमार ने द्वितीय तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय मोहनपुर की रागिनी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

निबंध एवं लिखित क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को 28 फरवरी को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर एससीईआरटी पटना द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। वहीं वक्तृत्व कला में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा 20 फरवरी को मुंगेर में आयोजित प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षक जयंत कुमार, मकेश्वर कुमार, राकी कुमार, अमर कुमार, अजीत कुमार, मनोरंजन कुमार चौधरी सहित अन्य शिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।