राष्ट्रीय महिला दिवस पर एनीमिया जांच शिविर, दर्जनों छात्राओं की हुई स्वास्थ्य जांच

  • Post By Admin on Feb 11 2026
राष्ट्रीय महिला दिवस पर एनीमिया जांच शिविर, दर्जनों छात्राओं की हुई स्वास्थ्य जांच

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम एवं स्वास्थ्य विभाग, लखीसराय के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कैंदी में एनीमिया जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं एवं महिलाओं को एनीमिया के प्रति जागरूक करना और एनीमिया मुक्त समाज की दिशा में कदम बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, चिकित्सक डॉ. भुवन कुमार, जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, फार्मेसिस्ट रमेश कुमार, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी एवं विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका सरिता कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास निगम के प्रबंध निदेशक के निर्देश पर यह दो दिवसीय एनीमिया जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों में खून की कमी को लेकर जागरूकता फैलाना तथा समय रहते उपचार के लिए प्रेरित करना है।

शिविर में जांच का संचालन कर रहे डॉ. भुवन कुमार ने बताया कि असंतुलित खान-पान, गलत दिनचर्या और पोषक तत्वों की कमी के कारण शरीर में खून की कमी हो जाती है, जिससे लोग एनीमिया के शिकार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि एनीमिया के प्रमुख लक्षणों में आंखों व नाखूनों का पीला पड़ना, चक्कर आना, कमजोरी, सुस्ती, अधिक नींद आना और किसी कार्य में मन न लगना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।

जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने कहा कि महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बाल विवाह को भी एनीमिया का एक बड़ा कारण बताते हुए इसके बहिष्कार की अपील की और सशक्त भारत के निर्माण में सहयोग करने का संदेश दिया।

विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका सरिता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया। शिविर के दौरान दर्जनों छात्राओं की एनीमिया जांच की गई। मौके पर लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, एएनएम सपना कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।