पीड़ितों के समर्थन में आवाज उठाने वालों पर कार्यवाही गलत: दरभंगा में गरजे प्रशांत किशोर

  • Post By Admin on Feb 11 2026
पीड़ितों के समर्थन में आवाज उठाने वालों पर कार्यवाही गलत: दरभंगा में गरजे प्रशांत किशोर

दरभंगा: जनसुराज के प्रणेता प्रशांत किशोर ने दरभंगा में नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पुलिस कार्यवाही पर सवाल उठाए।

मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि पीड़ित परिवार के लिए आवाज उठाने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले लोगों पर पुलिस की कार्यवाही अनुचित है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस को मानवीय आधार पर निर्णय लेना चाहिए, ताकि न्याय की मांग कर रहे लोगों का मनोबल कमजोर न हो। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि राज्य में पुलिस-प्रशासन की जवाबदेही स्पष्ट नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने वाले समाज के लोगों पर कार्यवाही करना गलत संदेश देता है। प्रशासन का दायित्व है कि वह संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्य करे।

उन्होंने कहा कि जनसुराज पीड़ित परिवार के न्याय के मुद्दे पर उनके साथ खड़ा रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग करता है। मुलाकात के दौरान स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक भी उपस्थित रहे।