गांधी मैदान में छात्राओं का दमदार प्रदर्शन, फुटबॉल मैच में बिहरौरा टीम विजयी

  • Post By Admin on Feb 17 2026
गांधी मैदान में छात्राओं का दमदार प्रदर्शन, फुटबॉल मैच में बिहरौरा टीम विजयी

लखीसराय: जिला प्रशासन लखीसराय के तत्वावधान में गांधी मैदान में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रामनगर और अंबेडकर विद्यालय बिहरौरा की छात्राओं के बीच एक रोमांचक फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। मुकाबले ने खेल भावना, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा का जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किक ऑफ के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शारीरिक सुदृढ़ता के साथ-साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बालिकाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।

मैच का संचालन कटिहार से आए प्रशिक्षक कंचन केसरी के मार्गदर्शन में किया गया। निर्धारित समय तक चले मुकाबले में दोनों टीमों की छात्राओं ने बेहतरीन तालमेल और टीम वर्क का प्रदर्शन किया। रोमांचक संघर्ष के बाद अंबेडकर विद्यालय बिहरौरा की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की। विजेता और उपविजेता टीम की खिलाड़ियों को उपस्थित अतिथियों ने बधाई दी। आयोजन के माध्यम से बालिकाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में मौजूद छात्राओं और अभिभावकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस सह नोडल पदाधिकारी मिशन शक्ति बंदना पाण्डेय, जिला कल्याण पदाधिकारी राजीव कुमार, जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, फुटबॉल एसोसिएशन के जिला सचिव बबलू शर्मा, अंबेडकर विद्यालय की फिजिकल टीचर साधना कुमारी तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका रिमझिम कुमारी सहित कई पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।