मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज परिसर में रविवार की संध्या दीपावली के अवसर पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया। प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक प्रार्थना के साथ हुई। दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे कॉलेज परिसर में दीपावली का पारंपरिक उल्लास देखने को मिला। इस दौरान महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने एक साथ दीपोत्सव मनाकर आपसी एकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया।

प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली केवल प्रकाश का पर्व नहीं है, बल्कि यह अज्ञान के अंधकार को ज्ञान के उजाले से दूर करने का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों को मिलकर शिक्षा, संस्कृति और सकारात्मक मूल्यों के दीप जलाते रहना चाहिए। यह आयोजन सामूहिक उत्साह, अनुशासन और संस्थागत एकता को दर्शाता है।उन्होंने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन त्योहारों की परंपरा को बनाए रखने के साथ ही महाविद्यालय परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण विकसित करने में भी सहायक होते हैं।

कार्यक्रम में डॉ. राजेश अनुपम, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. आनंद कुमार सिंह, डॉ. मनोज शर्मा, संजीव चौधरी, अरविंद सिन्हा, दीपक कुमार, रमेश महतो सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।