पंचायत स्तर पर खेल क्लब गठन पर जोर, समाहरणालय में डीएम ने की अहम बैठक
- Post By Admin on Feb 18 2026
लखीसराय: समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में 18 फरवरी 2026 को जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खेल संघों, प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन एवं पीटी शिक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खेल गतिविधियों को सुदृढ़, संगठित और व्यवस्थित करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने विभिन्न खेलों के जिला स्तरीय खेल संघों के गठन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन खेल संघों का गठन हो चुका है अथवा जिनका गठन प्रक्रियाधीन है, उनकी अद्यतन सूची 10 दिनों के भीतर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिन खेलों के लिए अब तक खेल संघ का गठन नहीं हुआ है, उनके गठन की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने को कहा गया। जिला पदाधिकारी ने सभी खेल संघों को सक्रिय भूमिका निभाते हुए नियमित अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं की तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं, इसलिए जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना आवश्यक है। बैठक में जिले की 76 पंचायतों में खेल क्लबों के गठन की पहल पर भी चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी पंचायतों का एक समेकित चार्ट तैयार किया जाए, जिसमें संबंधित पंचायत के खेल क्लब, उपलब्ध खेल मैदान तथा नियुक्त या संलग्न पीटी शिक्षकों का विवरण शामिल हो। यह सूची निर्धारित समयावधि में जिला प्रशासन को सौंपने के निर्देश दिए गए, ताकि पंचायत स्तर पर खेल गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। जिला पदाधिकारी ने खेल, ऊर्जा संरक्षण एवं सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से लखीसराय को खेल और संस्कृति के क्षेत्र में एक आदर्श जिला बनाया जा सकता है।
बैठक के दौरान उन्होंने जानकारी दी कि संग्रहालय लखीसराय में 21, 22 और 23 फरवरी 2026 को मगही, भोजपुरी और मैथिली भाषा की फिल्मों का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर अधिकाधिक दर्शकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई। जिला पदाधिकारी ने प्रधानमंत्री की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोलर रूफटॉप स्थापना के माध्यम से नागरिक बिजली की बचत के साथ अतिरिक्त ऊर्जा से आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, खेल संघों एवं आम नागरिकों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। इसके अतिरिक्त उन्होंने मुख्यमंत्री की पहल ‘ज्ञान भारतम्’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियों, दस्तावेजों और ऐतिहासिक अभिलेखों के संकलन एवं डिजिटलीकरण पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में उपलब्ध सांस्कृतिक धरोहरों की सूची तैयार कर उनके संरक्षण में सहयोग देने का आग्रह किया।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, जिला अग्रणी बैंक पदाधिकारी संजीत कुमार, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर माई युवा भारत राजीव कुमार, नगर सभापति अरविंद पासवान सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।