विवाश्री 'मिसेज़ बिहार' प्रतियोगिता में सोनी गुप्ता बनीं विजेता, नेहा डेन और ज्योति पाठक रहीं रनर-अप

  • Post By Admin on Jul 04 2026
विवाश्री 'मिसेज़ बिहार' प्रतियोगिता में सोनी गुप्ता बनीं विजेता, नेहा डेन और ज्योति पाठक रहीं रनर-अप

पटना: राजधानी पटना के पनाश कौटिल्य होटल में आयोजित विवाश्री 'मिसेज़ बिहार' प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आईं प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद सोनी गुप्ता ने 'मिसेज़ बिहार' 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। उन्हें क्राउन के साथ 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। वहीं नेहा डेन को फर्स्ट रनर-अप और ज्योति पाठक को सेकेंड रनर-अप घोषित किया गया।

प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से आईं 12 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अलग-अलग राउंड में प्रतिभागियों ने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, संवाद कौशल, मंचीय प्रस्तुति और सामाजिक दृष्टिकोण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित दर्शकों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और पूरे आयोजन में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पटना की मेयर सीता साहू ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि ऐसे मंच महिलाओं को अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मिसेज़ वर्ल्ड 2025 सरगम कौशल, एनआईएफटी के एसोसिएट डायरेक्टर शादाब शमी, मिसेज़ बिहार 2024 ऐश्वर्या राज तथा विवाश्री के डायरेक्टर प्रकेश सिंह शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन व्यक्तित्व, मंचीय प्रस्तुति, संप्रेषण कौशल, आत्मविश्वास और समग्र प्रदर्शन के आधार पर किया। कार्यक्रम के आयोजक आइस ब्रेकर ओसियन विजन प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध प्रवीण सिन्हा ने बताया कि विवाश्री 'मिसेज़ बिहार' प्रतियोगिता का उद्देश्य विवाहित महिलाओं को अपनी प्रतिभा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक सम्मानजनक मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं, बल्कि महिलाओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और सामाजिक सोच को प्रोत्साहित करने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रतिभागियों, अतिथियों और दर्शकों ने आयोजकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की उम्मीद जताई।