मुजफ्फरपुर के राजकीय मध्य विद्यालय चकिया में आयोजित हुई नाट्य कार्यशाला
- Post By Admin on Jul 04 2026
मुजफ्फरपुर: भारतीयम्, मुजफ्फरपुर द्वारा गुरु-शिष्य परंपरा के अंतर्गत शनिवार को कुढ़नी प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, चकिया में नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में अभिनय कौशल, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच तथा व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधीर कुमार द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने कहा कि नाट्य कार्यशाला बच्चों के आत्मविश्वास, स्पष्ट एवं प्रभावी अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की भावना को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि रंगमंच के माध्यम से बच्चों का मंच भय दूर होता है और उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है।मुख्य अतिथि एवं पूर्व प्रधानाध्यापक अरुण कुमार ने कहा कि नाट्य कार्यशाला केवल अभिनय सीखने का मंच नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का प्रभावी प्रशिक्षण कार्यक्रम है। इसमें प्रतिभागियों को अभिनय, रंगमंच, संवाद कौशल और व्यवहारिक जीवन से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाता है।
कार्यशाला के दौरान भारतीयम् के कलाकार सुनील कुमार एवं अविनाश कुमार ने विद्यार्थियों को परिचय एवं आत्मविश्वास निर्माण, समूह में कार्य करना, झिझक दूर करना, प्रभावशाली मंच प्रस्तुति, स्वर एवं वाणी प्रशिक्षण, संवाद अदायगी, भाव-भंगिमा, शरीर की भाषा, इम्प्रोवाइजेशन (तत्काल अभिनय), रचनात्मक खेल तथा अभिनय की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सभी गतिविधियों में भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुनील कुमार, अविनाश कुमार, प्रभात कुमार, अरुण कुमार, प्रधानाध्यापक सुधीर कुमार, शिक्षक मुनटुन प्रसाद, शशिभूषण कुमार सहित विद्यालय परिवार की सराहनीय भूमिका रही।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के वरीय शिक्षक मुनटुन प्रसाद ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।