श्रृंगी ऋषि धाम मंदिर न्यास समिति का पुनर्गठन, 7 सदस्यों को किया गया मुक्त 

  • Post By Admin on Feb 11 2026
श्रृंगी ऋषि धाम मंदिर न्यास समिति का पुनर्गठन, 7 सदस्यों को किया गया मुक्त 

लखीसराय : बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद, पटना द्वारा लखीसराय जिले के मननपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम बुढ़ौली बनकर स्थित श्रृंगी ऋषि धाम मंदिर के सार्वजनिक धार्मिक न्यास की समिति का पुनर्गठन कर दिया गया है। इस संबंध में परिषद द्वारा आदेश संख्या 2647 जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार यह न्यास परिषद में निबंधित सार्वजनिक धार्मिक न्यास है, जिसका निबंधन संख्या 4083 है। पूर्व में गठित न्यास समिति के कुछ सदस्यों को विभिन्न कारणों से मुक्त करते हुए उनके स्थान पर नई समिति का गठन किया गया है। इसमें बताया गया है कि कुछ सदस्य मंदिर में पुजारी के रूप में कार्यरत होने के कारण न्यास समिति के सदस्य के रूप में कार्य नहीं कर सकते थे, इसलिए उन्हें समिति से मुक्त किया गया।

परिषद एवं अनुमंडल पदाधिकारी, लखीसराय की संस्तुति के आधार पर नई न्यास समिति को अगले पांच वर्षों के लिए मान्यता दी गई है। पुनर्गठित न्यास समिति में श्री मिथिलेश मिश्र, जिला पदाधिकारी, लखीसराय को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि श्री प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी को उपाध्यक्ष और श्री महेश्वर मंडल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सचिव पद पर श्री सुधीर कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा समिति में श्री सुरेश यादव, श्री सौदागर यादव, श्री जागेश्वर कोड़ा, श्रीमती फुलनी देवी, श्री राजेश शर्मा, श्री जयशंकर पांडेय और श्री विजय कुमार सिंह को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

आदेश में न्यास समिति को निर्देश दिया गया है कि समय-समय पर आय-व्यय का विवरण परिषद को उपलब्ध कराएं, परिषद शुल्क नियमित रूप से जमा करें तथा मंदिर में चल रहे विकासात्मक कार्यों की प्रगति रिपोर्ट परिषद के समक्ष प्रस्तुत करते रहें।

बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद ने इस आदेश की प्रति सभी संबंधित अधिकारियों और न्यास समिति के सदस्यों को आवश्यक कार्यवाई हेतु भेज दी है।