शराब माफिया पर पुलिस का शिकंजा, एक ही दिन में 11 की गिरफ्तारी
- Post By Admin on Feb 11 2026
लखीसराय : जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हलसी थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्यवाई की है। इस दौरान पुलिस ने 02 लीटर अवैध बीयर बरामद की है, जबकि शराब पीने और बेचने के आरोप में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी मंगलवार को हलसी थाना क्षेत्र के मोहद्दीनगर चौक, तेतरहट, गुणसागर, नोनगढ़ चेक पोस्ट और बड़हिया थाना क्षेत्र में की गई।
मोहद्दीनगर चौक से पुलिस ने निलेश कुमार, पिता – विजय सिंह, वार्ड संख्या 04, हलसी को 02 लीटर अवैध बीयर के साथ गिरफ्तार किया, जो शराब बेचने का कार्य कर रहा था।
वहीं तेतरहट थाना क्षेत्र से शिवशंकर मांझी, सूरज कुमार, मुन्ना पंडित और राजेंद्र साह को शराब पीते हुए पकड़ा गया। गुणसागर से अजीत कुमार को शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा नोनगढ़ चेक पोस्ट पर बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र निवासी कुदन कुमार और सोमन कुमार को शराब पीते हुए पकड़ा गया। बड़हिया थाना क्षेत्र से अनील महतो, बिट्टू कुमार और गोपाल यादव को भी शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सभी आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जाएगा और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।