ईंधन बचाओ जन-जागरण यात्रा निकाली गई, लोगों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति किया जागरूक
- Post By Admin on Jun 01 2026
पटना: देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा ईंधन की खपत कम करने और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने की अपील के समर्थन में राजधानी पटना में “ईंधन बचाओ जन-जागरण यात्रा” निकाली गई। यह कार्यक्रम सामाजिक संस्था मृदुराज फाउंडेशन के 11वें स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था के संस्थापक एवं भाजपा नेता राजीव रंजन के आह्वान पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर संस्था से जुड़े सैकड़ों सदस्यों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने साइकिल यात्रा में भाग लेकर लोगों को ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद दीघा विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक डॉ. संजीव चौरसिया ने कहा कि ईंधन संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। वहीं बिहार शिया वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष इरशाद अली आजाद ने कहा कि ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की जरूरत है। उन्होंने मृदुराज फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताया। मृदुराज फाउंडेशन के संस्थापक राजीव रंजन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सामाजिक कार्य करना नहीं, बल्कि लोगों को ऐसे मुद्दों के प्रति जागरूक करना भी है, जिनका सीधा संबंध देश और समाज के भविष्य से है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में ईंधन बचत को अपनाए, तो इसका सकारात्मक प्रभाव देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण दोनों पर पड़ेगा।
साइकिल जुलूस की शुरुआत पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर परिसर से हुई, जो जीपीओ गोलंबर होते हुए डाकबंगला चौराहा तक पहुंचा। यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों से निजी वाहनों का अनावश्यक उपयोग कम करने, छोटी दूरी के लिए साइकिल या पैदल चलने तथा पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने की अपील की। आयोजकों ने कहा कि बढ़ती ईंधन खपत न केवल आर्थिक बोझ बढ़ा रही है, बल्कि पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। ऐसे में जनभागीदारी के माध्यम से जागरूकता फैलाना समय की जरूरत है।
कार्यक्रम में संस्था के समन्वयक एवं संयोजक मो. शकील सहित अरुण तिवारी, पप्पू कुमार, शशि भूषण कुमार, मो. गुड्डू, अविनाश राजा, सरस्वती कुमारी, पिंटू कुमार, मनीष कुमार, अमर चौरसिया, दिलीप साव, श्रवण कुमार, मो. जावेद मल्लिक, रीना कुमारी, चंदन गुप्ता, शैलेश ठाकुर, आफताब मल्लिक, मो. महताब, मो. पिंकू आलम, मो. जनी, मुमताज अली और असलाम खान समेत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।