तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो संदेश के साथ जिला अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- Post By Admin on Jun 01 2026
लखीसराय : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल, लखीसराय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत एएनएम स्कूल की छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शनी एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित कर तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से तंबाकू और धूम्रपान से होने वाली गंभीर बीमारियों तथा इसके सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं पोस्टर प्रदर्शनी के जरिए तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने तंबाकू एवं धूम्रपान से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
इस अवसर पर डॉ. कुमार अमित, राजकुमार उपाध्याय, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. अश्विनी, एनसीडी एफएलसी की पूजा कुमारी सहित जिला अस्पताल के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने तंबाकू के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों पर प्रकाश डालते हुए लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।कार्यक्रम में एएनएम छात्राओं की सक्रिय भागीदारी और उनकी प्रस्तुति की सराहना की गई। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।