लखीसराय : सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में एक और विशेष अभियान के तहत हेलमेट वितरकों एवं शोरूम में उपलब्ध हेलमेट की गुणवत्ता की जांच की जा रही है, ताकि आमजन को मानक एवं सुरक्षित हेलमेट का उपयोग सुनिश्चित कराया जा सके। इसके साथ ही मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा जनता को सड़क सुरक्षा से जुड़ी तकनीकी जानकारियां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जिला पदाधिकारी महोदय के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जिला परिवहन पदाधिकारी तथा मोटर वाहन निरीक्षक प्रतीक कुमार एवं बिपिन कुमार द्वारा लखीसराय टोल प्लाजा के समीप विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान चार पहिया वाहन चालकों को हाई बीम लाइट का प्रयोग केवल उपयुक्त स्थलों पर करने तथा अनावश्यक रूप से हाई बीम का उपयोग न करने के लिए जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अनावश्यक हाई बीम के प्रयोग से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग अपनाने की अपील की गई। जिला प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।




















