मोरारी बापू ने किया 12 फीट मुनि प्रतिमा का अनावरण, श्रद्धालुओं में उत्साह
- Post By Admin on Jan 08 2026
लखीसराय : श्री श्रृंगीऋषि आश्रम में गुरुवार को एक ऐतिहासिक और भव्य आयोजन देखने को मिला, जब राष्ट्रसंत मोरारी बापू ने मानस श्रृंगीऋषि रामकथा के उपरांत संध्या बेला में आश्रम पहुंचकर 12 फीट ऊँची श्रृंग मुनि की प्रतिमा का अनावरण किया।
आश्रम परिसर इस अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर था। उपस्थित श्रद्धालुओं ने जयकारों और तालियों के साथ इस भव्य क्षण को यादगार बनाया। मोरारी बापू ने श्रृंगीऋषि की तपस्या, त्याग और रामायण में उनके योगदान पर सारगर्भित संदेश देते हुए उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
प्रतिमा के रचनात्मक सलाहकार रविराज पटेल रहे। बिहार के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा इसका औपचारिक लोकार्पण आगामी 11 जनवरी, 2026 को किया जाएगा।
कार्यक्रम की शोभा स्थानीय ढोल कलाकारों और आदिवासी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने और बढ़ा दी। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और नृत्य के माध्यम से मोरारी बापू का भव्य स्वागत किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आयोजन को लेकर भारी उत्साह और आस्था देखने को मिली।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, प्रभारी पर्यटन अधिकारी श्री शशि कुमार और जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्री मृणाल रंजन उपस्थित रहे। रामकथा के आयोजक श्री शुभकरण त्रिवेणी न्यास की ओर से अभिषेक कनोडिया, कृष्ण कुमार जालान और अखिलेश खेमका, तथा अशोक धाम ट्रस्ट से डॉ. कुमार अमित, डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा और राजेंद्र सिंघानियाँ ने भी सहभागिता निभाई।
पूरा आश्रम परिसर इस भव्य और आध्यात्मिक अवसर के दौरान सांस्कृतिक और धार्मिक ऊर्जा से जीवंत नजर आया।