महिला रोजगार योजना की समीक्षा, शेष दो लाख रुपए की राशि अंतरण पर मंथन

  • Post By Admin on Feb 10 2026
महिला रोजगार योजना की समीक्षा, शेष दो लाख रुपए की राशि अंतरण पर मंथन

लखीसराय : मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लखीसराय जिले में क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उप विकास आयुक्त के कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधान सचिव, ग्रामीण विकास विभाग, बिहार द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करना तथा राज्य कार्यालय, जीविका से प्राप्त आदेश के आलोक में योजना के तहत लाभार्थियों को दी गई राशि के उपयोग की जानकारी प्राप्त करना रहा। बैठक में विशेष रूप से उन लाभार्थियों पर चर्चा की गई, जिन्हें योजना के तहत 10 हजार रुपए की प्रथम किस्त मिल चुकी है और जिनके लिए शेष दो लाख रुपए की राशि चरणबद्ध तरीके से देने की प्रक्रिया पर विचार किया गया।

उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार ने योजना के तहत अब तक हुए कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए जीविका तथा नगर परिषद लखीसराय एवं बड़हिया के अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य कार्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लाभार्थियों के खातों में शेष राशि का क्रमशः अंतरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, इसलिए राशि का सही और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में नगर परिषद लखीसराय, बड़हिया एवं सूर्यगढ़ा की कार्यपालक पदाधिकारी श्रीमती अनीता कुमारी, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, जीविका के जिला स्तरीय प्रबंधक, सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक सहित नगर परिषद लखीसराय एवं बड़हिया के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।