स्वस्थ जीवनशैली से दूर होंगी कई बीमारियां, रोटरैक्ट क्लब का जागरूकता अभियान
- Post By Admin on Feb 10 2026
मुजफ्फरपुर: रोटरैक्ट क्लब ऑफ मुजफ्फरपुर की ओर से मंगलवार, 10 फरवरी को जंक्शन के निकट स्थित एक होटल में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मैक्स साकेत हॉस्पिटल के ब्रेन एंड न्यूरो सर्जन विशेषज्ञ डॉ. अनुराग गुप्ता ने लोगों को बदलती जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं और उनके समाधान को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
डॉ. अनुराग गुप्ता ने कहा कि आज के समय में मोबाइल और लैपटॉप का अत्यधिक उपयोग लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गया है, लेकिन सही पॉश्चर में न बैठने के कारण गर्दन और पीठ दर्द जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर समस्या में सर्जरी की आवश्यकता नहीं होती। यदि लोग अपनी जीवनशैली में छोटे-छोटे सुधार करें तो बड़ी परेशानियों से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि नियमित व्यायाम, योग और जिम जैसी गतिविधियां कई बार दवाओं से भी अधिक प्रभावी साबित होती हैं। सही बैठने की आदत, स्क्रीन से उचित दूरी और समय-समय पर शरीर को आराम देना स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में रोटरैक्ट क्लब ऑफ मुजफ्फरपुर के अध्यक्ष भरत नाथानी, सचिव सुन्दरम् आनंद, पूर्व अध्यक्ष आर्यन वर्मा, रोटरैक्टर निशार्ग शंकर सहित अन्य रोटेरियन सदस्य मौजूद रहे। सभी ने इस तरह के जागरूकता अभियानों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।